पटना। गरीब तबके के बच्चों की मेधा तराश कर उनके आइआइटी में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त करने वाले बिहार के गणितज्ञ आनंद अब अपनी संस्था 'सुपर 30' का विस्तार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस साल से इसमें 10वीं पास विद्यार्थियों को भी जगह दी जाएगी। आनंद के संस्थान में अभी तक 12वीं पास करने पर ही प्रवेश दिया जाता रहा है।
नए प्रोग्राम में 10-20 छात्रों का दाखिला
आनंद ने बताया कि इस साल वे 10वीं पास 10-20 छात्रों का अपने नए प्रोग्राम के तहत दाखिला लेंगे। इसके अलावा 12वीं पास छात्रों के लिए प्रोग्राम पहले की तरह जारी रहेगा। कहा कि 'सुपर 30' के विस्तार के लिए उनकी अन्य दीर्घकालिक योजनाएं भी हैं।
ऑनलाइन लेक्चर भी होंगे उपलब्ध संस्थान की वेबसाइट पर संस्थान के लेक्चर्स भी अपलोड किए जाएंगे। आनंद कहते हैं कि क्लासरूम की पढ़ाई सवोत्तम है, लेकिन संस्थान के लेक्चर्स की ऑनलाइन उपलब्धता से परीक्षार्थियों का बड़ा तबका लाभान्वित होगा।
गरीब बच्चों के लिए खोलेंगे स्कूल आनंद ने बताया कि उनकी योजना गरीब तबके के लिए एक स्कूल खोलने की भी है। इसमें 6 से 12 तक की पढ़ाई होगी।
सुपर 30 के पैटर्न पर चल रहे कई संसथान आनंद ने कहा कि वर्तमान में 'सुपर 30' के पैटर्न पर कई संस्थान चल रहे हैं। यह अच्छी बात है। लेकिन, उन्होंने के नाम पर लाभ कमाने की प्रवृत्ति पर एतराज जताया।
गरीब बच्चों को आइआइटी के लिए तैयार करते आनंद
विदित हो कि 'सुपर 30' आर्थिक रूप से पिछड़े तबके के 30 मेधावी छात्रों का चयन करता है और उन्हें आइआइटी की प्रवेश परीक्षा के लिए तैयार करता है। आनंद के प्रयास से सैकड़ों गरीब बच्चों का आइआइटी में दाखिला हो चुका है।
इस साल 28 छात्र हुए थे सफल
वैश्विक रूप से तारीफ बटोर चुके सुपर 30 में 30 छात्रों को लिया जाता है। प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में दाखिले के लिए आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा में इस साल 30 छात्रों में से 28 ने सफलता हासिल की, जो 15 साल पहले इसकी स्थापना के बाद इसकी नई उपलब्धि है।
लेबल: हिंदी समाचार, Anand Kumar, Bihar, Children, Education, Patna, State, Student, Super30