बैंक मैनेजर ने कुर्सी ऑफर नहीं की तो विधायक ने चैंबर में घुसकर मारा थप्पड़

बिहार में विधायकों की दबंगई लगातार जारी है। एक बार फिर से कानून को ठेंगा दिखाते हुए एक विधायक ने बैंक मैनेजर को उसके चैंबर में घुसकर पीटा।



बैंक मैनेजर की गुस्ताखी महज इतनी भर थी कि विधायक महबूब आलम के बैंक ब्रांच में दाखिल होने के बाद उनकी आवभगत में अपनी कुर्सी ना देकर सामने बैठने का आग्रह किया। इससे नाराज विधायक ने सरेआम खींच कर मैनेजर के गाल पर तमाचा मार डाला।

घटना बिहार के कटिहार जिले की है जहां बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के विधायक महबूब आलम ने दबंगई दिखायी। वो अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्वालटोली गांव के पास इलाहाबाद बैंक के ब्रांच में पहुंचे थे। विधायक के साथ पुलिस अंगरक्षक भी थे।

पीड़ित मैनेजर राकेश रंजन
पीड़ित मैनेजर राकेश रंजन के मुताबिक वो अपनी कुर्सी छोड़ कर खड़े हुए और विधायक का स्वागत करने के बाद उन्होंने अपने सामने लगी कुर्सी पर बैठने का इशारा किया। इसके बाद विधायक महबूब आलम ने सामने वाली कुर्सी पर बैठने से अपनी नाराजगी दिखाते हुए मैनेजर को कुर्सी से अलग हट बुलाया और बातचीत के बाद मैनेजर के गालों पर तमाचा दे मारा।

पीड़ित मैनेजर राकेश रंजन ने बताया कि उसने मामले की सूचना उन्होंने तुरन्त स्थानीय बारसोई थाना को भी दी, लेकिन पुलिस के आने पर विधायक ब्रांच से जा चुके थे।

उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक सिदार्थ मोहन जैन से की तब एसपी ने आरोपी विधायक के खिलाफ स्थानीय थाने को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। पीड़ित मैनेजर राकेश रंजन ने बताया कि विधायक महबूब आलम इलाहाबाद बैंक के उस ब्रांच के लोन डिफॉल्टर भी हैं।

MLA महबूब आलम
जानिए MLA के क्या हैं आरोप...
- माले MLA महबूब आलम ने पूरे मामले को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि ब्रांच मैनेजर लोन देेने के लिए 20 प्रतिशत घूस मांगते हैं।
- ब्रांच मैनेजर भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और हर मामले में ग्राहकों से कमीशन की मांग करते हैं।
- यहां के लोग जो दिल्ली में मजदूरी कर पैसा अपने घर भेजते हैं उसे देने में वह आनाकानी करते हैं और पूछते हैं कि पैसा कहां से आया।
- वह बैंक को अपनी जागीर बना चुके है। मैनेजर को बात करने की भी तमीज नहीं है। ब्रांच मैनेजर के साथ उनकी सिर्फ हल्की बाताबाती हुई थी।
- इस बाबत उन्होंने बैंक से ही थानाध्यक्ष सहित डीएसपी, एसडीओ को बता दिया था।
- MLA ने कहा कि अगर मैनेजर इस संबंध में प्राथमिकी कर रहे हैं तो वह भी जवाबी काउंटर करेंगे।

लेबल: , , , , , , , , ,