चलती ट्रेन में नाबालिग से छेड़खानी करने के आरोप में भाजपा MLC टुन्ना पाण्डेय गिरफ्तार, MLC हुए पार्टी से निलबिंत

सीवान से भाजपा एमएलसी टुन्ना जी पाण्डेय को हाजीपुर जीआरपी ने आज अहले सुबह गिरफ्तार कर लिया। इनकी गिरफ़्तारी उस समय हुई जब वे आप पूर्वांचल एक्सप्रेस की एसी टू बोगी ए-1 में सफ़र कर रहे थे। गिरफ्तारी की सुचना के बाद भाजपा ने तत्काल उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया है। 
उन्ही के बर्थ के बगल के बर्थ पर अपने पिता के साथ सफ़र कर रही 12 वर्षीया एक लड़की ने एमएलसी पर छेड़खानी का आरोप लगाया। इस मामले एमएलसी पर एफआई आर दर्ज की गई है।  
घटना हाजीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड के सराय स्टेशन के पास की है। घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन में एस्कॉर्ट कर रही जीआरपी ने हाजीपुर जीआरपी थानाध्यक्ष संजय सिंह को सूचना दी। इस सूचना पर जीआरपी में हड़कंप मच गया और ट्रेन के हाजीपुर में रुकते ही एमएलसी को बोगी से उतारकर जीआरपी थाने में लाया गया। हालांकि एमएलसी ने छेड़खानी से इंकार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार गोरखपुर के रहने वाले व् थाईलैंड में व्यवसाय करने वाले विजय प्रकाश पांडेय अपनी 12 वर्षीय बेटी और परिवार के दो अन्य सदस्यों के साथ अप पूर्वांचल एक्सप्रेस की एसी टू बोगी ए-1 में सफ़र कर रहे थे। वे हावड़ा से गोरखपुर जा रहे थे। उसी बोगी में एमएलसी टुन्ना जी पाण्डेय दुर्गापुर में सवार हुए और अपने बर्थ नंबर 43 पर सो गए। 
ट्रेन के हाजीपुर आने के पहले सराय स्टेशन के पास टुन्ना जी पाण्डेय ने बर्थ नंबर 46 पर सो रही 12 वर्षीया लड़की के साथ छेड़खानी की। लड़की का कहना है कि वह सो रही थी। वह अचानक हड़बड़ा कर उठी और चिल्लाई। उसने पिता को घटना के बारे में बताया। लड़की के पिता ने तुरंत ट्रेन की एस्कॉर्ट पार्टी को पूरे मामले की जानकारी दी। 
इधर हाजीपुर जीआरपी थाने में हिरासत में लिए गए गए एमएलसी टुन्ना जी पांडेय का कहना है कि वे मोबाइल चार्ज करने के लिए चार्जर लगा रहे थे और उन्होंने लाइट भी जलाई थी। बर्थ पर रखे बैग को हटाने में वह लड़की जग गई और चिल्लाने लगी। जबकि लड़की का आरोप है कि इस व्यक्ति ने उसे किस करने का प्रयास किया और बाथरूम में चलने के लिए बोला। 
जीआरपी थानाध्यक्ष संजय सिंह ने हिंदुस्तान को बताया कि लड़की के पिता की लिखित शिकायत पर एमएलसी को गिरफ्तार कर लिया गया है। नाबालिग लड़की से छेड़खानी के मामले में उनपर पाक्सो की धाराएं भी लगी हैं। हाजीपुर में ट्रेन के रुकने के बाद लड़की के पिता ने एफआईआर दर्ज कराया और हाजीपुर में ट्रेन को छोड़ यहां से गाड़ी रिज़र्व कर सड़क मार्ग से गोरखपुर गए। 
टुन्ना पाण्डेय यूपी का है बड़ा शराब माफियाहाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस के एसी बोगी में एक लड़की से छेड़खानी मामले में गिरफ्तार सीवान के बीजेपी एमएलसी टुन्ना जी पाण्डेय यूपी का बड़ा शराब माफिया भी है। बिहार में भी उसका शराब का बड़ा कारोबार था। लेकिन बिहार में शराबबंदी से कारोबार ठप हो गया। वे पहली बार सारण के डीआईजी आलोक कुमार पर पांच करोड़ घूस के रुपए मांगने का आरोप लगा चर्चा में आये थे। तब राज्य सरकार ने डीआईजी को बर्खास्त कर दिया था। 
चर्चा में आने के बाद वे राजनितिक जमीन तलाशने लगे। वर्ष 2013 में लोकसभा चुनाव में एमएलसी मनोज सिंह जदयू प्रत्याशी हो गए।वे एमएलसी पद से इस्तीफा दे दिए। वर्ष 2014 के हुए एमएलसी के उपचुनाव में टुन्ना जी पाण्डेय दरौंदा विधायक कविता सिंह के पति अजय सिंह को हरा जीत दर्ज की। दूसरी बार 2015 के चुनाव में टुन्ना जी पाण्डेय फिर बीजेपी प्रत्याशी बन महागठबंधन प्रत्याशी विनोद जायसवाल को हराने में कामयाब रहे। एमएलसी टुन्ना जी पाण्डेय जिले के दरौली थाने के नेतवार गांव के रहने वाले हैं।छेड़खानी के मामले में हुई गिरफ़्तारी की चर्चा जिले में हो रही है। रविवार की सुबह से ही शहर से लेकर गावों के चौक-चौराहों पर लोग इसकी चर्चा में जुटे रहे।

लेबल: , , , , , , , , , , ,