बिहार की बेटी बनी झारखंड मेडिकल की स्टेट टॉपर

मेधा घोटाले को ले राज्य की हो रही किरकिरी के बीच बिहार की बेटी वरुण स्वाति ने झारखंड मेडिकल संयुक्त प्रवेश परीक्षा में स्टेट टॉपर बन कर सूबे का मान बढ़ाया है।

उसे 84 फीसद अंक प्राप्त हुए हैं। स्वाति ने साबित कर दिया है कि बेटियां भी किसी मायने में कम नही हैं, बस जरूरत है उन पर भरोसा करने व अवसर देने की। डेहरी शहर के वरिष्ठ हृदय रोग चिकित्सक डा. एसबी प्रसाद की पुत्री वरुण स्वाति को उक्त परीक्षा में कुल 150 में से 126 अंक मिले हैं।
स्वाति अपनी सफलता का श्रेय लगन, कड़ी मेहनत व माता-पिता के सहयोग को देती है। कहती है कि उसे अच्छे रैंक से सफलता की उम्मीद तो थी, लेकिन स्टेट टॉपर होने का अनुमान नहीं था। रिजल्ट आने के बाद दोहरी खुशी मिली है। उसका मानना है कि जिनमें प्रबल आत्म विश्वास हो व सफलता को ले जुनून हो, उन्हें मंजिल अवश्य मिलती है।
वहीं इनके माता-पिता बेटी की सफलता पर फुले नहीं समा रहे हैं। कहते हैं बेटी ने सपना सच कर दिखाया है, उसकी बदौलत आज पूरा शहर हमें बधाई दे रहा है।

लेबल: , , , , , , , , , , , ,