भागलपुर.फिल्म शराबी आपको याद होगी, जिसमें अमिताभ डायलॉग देते हैं मूछें हों तो नत्थूलाल जैसी, वरना न हो। भागलपुर शहर स्थित मोजाहिदपुर थाने के हवलदार पांडेय जी की भी मूछें भी कुछ ऐसी ही है। उनकी मूछों का शानी पूरे जिला पुलिस बल में नहीं है। 52 साल के पांडेय जी की मूछें 30 इंच लंबी हैं। उनकी इतनी लंबी मूछों को देखते ही एसएसपी ने एक हजार रुपये रिवार्ड दे दिया। भागलपुर जिले में रौबदार मूंछ पर रिवार्ड पाने वाले हवलदार विजय शंकर पांडेय पहले पुलिसकर्मी हैं। पांडेय जी की मूछें इन दिनों पुलिस महकमे में चर्चा का विषय है। विजय शंकर पांडेय भागलपुर जिला बल में लंबी मूंछ वाले इकलौते हवलदार हैं।
मोजाहिदपुर थाने में हैं तैनात
- 30 इंच लंबी है हवलदार पांडेय की मूछें, लहराती हैं हवा में।
- मूंछ के रखरखाव के लिए हवलदार ने लिखा था एसएसपी को पत्र।
- हवलदार पांडेय के आवेदन में तस्वीर देख एसएसपी ने दिया रिवार्ड
- मोजाहिदपुर थाने के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने देखी थी हवलदार पांडेय की मूछें।
लंबी मूंछ के रखरखाव में होती है परेशानी : हवलदार
एसएसपी को लिखे आवेदन में हवलदार विजय शंकर पांडेय ने उल्लेख किया है कि उसकी मूंछ की लंबाई करीब 30 इंच है। इसके रखरखाव में कठिनाई हो रही है। इस कारण मूंछ के रखरखाव के लिए भत्ते की मांग की गई है। मूंछों के रखरखाव में हर दिन साबुन, तेल और उसे संवारने में हवलदार पांडेय को एक घंटे से अधिक का समय लगता है।
पुलिस सेवा में आने के बाद रखी थी मूंछ
विजय शंकर पांडेय ने बताया कि पुलिस सेवा में आने के बाद ही उन्होंने लंबी मूंछें रखनी शुरू की। पुलिस में पहले रौबदार मूंछ और उसे संवारने का शौक रखने वाले पुलिसकर्मी काफी संख्या में होते थे। इसके एवज में विशेष भत्ता और रिवार्ड मिलता था। अब न तो रौबदार मूंछों वाले थानेदार बचे हैं और न ही उन्हें संवारने का शौक रखने वाले।
लेबल: जरा हट के, हिंदी समाचार, Award, Bhagalpur, Money, Police, Reward, SSP, State