पटना. आरजेडी के बाहुबली शहाबुद्दीन की रिहाई के बाद बिहार में सरकार चला रहे महागठबंधन के बीच बयानबाजी का दौर जारी है। आरजेडी नेताओं द्वारा नीतीश को नेता न मानने के बयानों के बाद अब कांग्रेस ने लालू की पार्टी को एक तरह से चैलेंज ही दे दिया है। नीतीश का बचाव करते हुए कांग्रेस ने कहा है कि अगर आरजेडी को ज्यादा परेशानी है तो वह महागठबंधन छोड़ सकती है।
और क्या कहा गया है कांग्रेस की तरफ से...
बिहार सरकार में मंत्री और कांग्रेस के स्टेट चीफ अशोक चौधरी ने मंगलवार को कहा कि सरकार में रहकर नीतीश की इमेज खराब करना सही नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चौधरी ने साफ कहा कि अगर आरजेडी को परेशानी है तो वह सरकार से अलग हो जाए। लेकिन अगर वह सरकार का हिस्सा है तो फिर सबको अपना बेस्ट परफॉर्मेंस देना चाहिए। चौधरी के मुताबिक, बाहर रहकर वो कहते हैं कि गठबंधन हिमालय जैसा मजबूत है, लेकिन वैसा होना भी तो चाहिए। सीएम को बार-बार निशाना बनाना ठीक नहीं है।
बिहार सरकार में बवाल क्यों?
आरजेडी के पूर्व सांसद और बाहुबली शहाबुद्दीन 10 सितंबर को 11 साल बाद जेल से बाहर आए। मीडिया से कहा- नीतीश परिस्थितियों के सीएम हैं। मेरे नेता लालू हैं। आरजेडी में नंबर दो माने जाने वाले रघुवंश ने भी यही कहा। जेडीयू ने जवाबी हमले में कहा- हम इंजेक्शन लगाते हैं तो दर्द भी नहीं होता। नीतीश ने कहा- मुझे जनता ने बहुमत दिया है। लालू ने कहा- नीतीश को बयानों पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहिए। कांग्रेस ने आरजेडी के रुख को गलत बताते हुए उसे गठबंधन से बाहर जाने तक की चुनौती दे डाली।
लालू ने राहुल को बताया था जोकर
दो दिन पहले ही लालू ने राहुल गांधी को जोकर कहा था। इसके बाद से कांग्रेस के कई नेता लालू से नाराज थे। लेकिन सोमवार को लालू ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा था कि उन्होंने राहुल नहीं कुमार विश्वास को जोकर बताया था।
बिहार विधानसभा में सीटों के गणित
महागठबंधन
आरजेडी: 80
जेडीयू: 71
कांग्रेस: 27
भाजपा: 53
अन्य: 12लेबल: महागठबंधन, हिंदी समाचार, Ashok Choudhary, Bihar, Congress, Government, JDU, Lalu Prasad Yadav, Nitish Kumar, Politics, RJD, State Government