भाजपा की महिला विधायक का बेटा और भांजा अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार

भाजपा विधायक आशा सिन्हा के बेटे सच्चिदानंद सिन्हा पिस्टल के साथ गिरफ्तार।
पटना. दानापुर की BJP MLA आशा सिन्हा के बेटे सच्चिदानंद सिन्हा को पुलिस ने बुधवार की रात दुल्हिन बाजार इलाके में 7.65 एमएम की एक अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ विधायक का भांजा विक्की सिन्हा भी पकड़ा गया है। दोनों अरवल से कार से पटना रहे थे।
चेकिंग के दौरान भागने लगा MLA बेटा 
दुल्हिन बाजार थाने के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। यह देखते ही ड्राइविंग सीट पर बैठा सच्चिदानंद तेजी से गाड़ी बैक करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो कार तेजी से भगाने लगा। पुलिस ने चेज करके थाने से 500 मीटर की दूरी पर नवीनगर मुहल्ले के पास कार को रोका और चेक किया तो शक यकीन में बदल गया।

विधायक के बेटे के पास से पिस्टल बरामद।
अरवल में मुखिया से 50 हजार में खरीदी थी पिस्तौल 
दुल्हिनबाजार थानाध्यक्ष ओमप्रकाश के मुताबिक पूछताछ में सच्चिदानंद ने बताया कि उसने अरवल के एक मुखिया से 50 हजार में पिस्तौल खरीदी थी। दानापुर इलाके में किसी जमीन विवाद के मामले में दहशत फैलाने की प्लानिंग थी। हालांकि समय रहते पुलिस ने साजिश को विफल कर दिया। थानेदार के अनुसार दोनों आरोपियों सच्चिदानंद विक्की का कोई पुराना क्राइम रिकॉर्ड नहीं है। इधर बदले हालात में पुलिस ने मुखिया नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में दबिश बढ़ा दी है। इधर एसएसपी मनु महाराज ने कहा कि दोनों आरोपियों से पूछताछ तफ्तीश की जा रही है।
विधायक का भांजा भी गिरफ्तार 
सिटी एसपी (वेस्ट) सत्यप्रकाश ने थाने पहुंच कर उनसे पूछताछ की। पुलिस ने हथियार गाड़ी को जब्त कर लिया है। सच्चिदानंद खगौल के सरारी, जबकि उसका ममेरा भाई विक्की शाहपुर थाने के उसरी गांव का रहने वाला है।

कार को पुलिस ने जब्त कर लिया।

जमीन पर जा रहे थे कब्जा करने 
तफ्तीश में जानकारी मिली कि दोनों अरवल से हथियार लेकर किसी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने जा रहे थे। आगे निर्धारित स्थान पर उनके गुर्गे हरवे-हथियार के साथ मौजूद थे। पुलिस ने वहां छापेमारी की तो बदमाश फरार हो गए थे।पूछताछ में पता चला कि वे शाम पांच बजे ही घर से निकले थे। गौरतलब है कि करीब तीन माह पहले ललित भवन के पास सच्चिदानंद ट्रिपल लोड बाइक पर पकड़ा गया था। उस वक्त विधायक ने खुद मौके पर पहुंचकर बेटे को छुड़ाया और साथ लेकर गई थी।

लेबल: , , , , , , ,