रियो पैरालम्पिक: दीपा ने शॉटपुट में सिल्‍वर मेडल जीतकर रचा इतिहास

ब्राजील के रियो में चल रहे पैरालिंपिक खेलों में भारत की दीपा मलिक ने इतिहास रच दिया है। दीपा ने सोमवार को शॉट पुट इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। इसी के साथ वह इन खेलों में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। बचपन से पैरेलाइज्ड दीपा को साल 2012 में प्रेसिडेंट ने अर्जुन अवाॅर्ड से सम्मानित किया था।

दीपा ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अपनी छठवीं और आखिरी कोशिश में 4.61 मीटर का आंकड़ा छुआ। हालांकि, वह बहरीन की फातिमा नेधम से थोड़ा पीछे रह गईं। फातिमा ने 4.76 मीटर की दूरी तय करते हुए गोल्ड जीता। वहीं, ग्रीस की दिमित्रा कोरोकिडा ने 4.28 मीटर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
इस स्पर्धा में कुल सात खिलाड़ी थे, लेकिन मैक्सिको की इस्टेला सालास इसकी शुरुआत नहीं कर पाईं। इस पदक के साथ ही भारत के इन पैरालिंपिक्स खेलों में कुल तीन पदक हो गए हैं। थंगावेलु मरियप्पन ने भारत को ऊंची कूद में स्वर्ण और वरुण भाटी ने इसी स्पर्धा में भारत को कांस्य पदक दिलाया था।

कौन हैं दीपा...
दीपा मलिक का जन्म 30 सितंबर 1970 को हरियाणा के सोनीपत जिले में हुआ था। 6 साल की उम्र में उनके शरीर को लकवा मार गया। उनके कमर के नीचे का पूरा हिस्सा पैरेलाइज्ड है। इस बीमारी की शुरूआत में पहले उनकी टांगों में कमजोरी की शिकायत आई थी। बाद में पता चला कि उनके स्पाइनल कॉर्ड में ट्यूमर है। इसके बाद उनका ऑपरेशन हुआ, लेकिन 1999 में दोबारा परेशानी महसूस होने के बाद उनका दूसरा ऑपरेशन हुआ। इसके बाद तीसरी सर्जरी हुई और उनकी स्पाइनल कॉर्ड डैमेज हो गई। अब वो व्हील चेयर के सहारे जिंदगी जीती हैं। लेकिन शॉटपुट की वो बेहतरीन एथलीट हैं।

चार बार लिम्का बुक रिकॉर्ड्स में नाम...
स्पोर्ट्स में बेहतरीन परफॉर्मेंस की वजह से दीपा का नाम अब तक चार बार लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स में आ चुका है। पहली बार उनका नाम लिम्का बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में तब आया था जब उन्होंने यमुना नदी के बहाव की उल्टी दिशा में एक किलोमीटर की दूरी तैर तय की थी। इसके अलावा दूसरी बार 58 किलोमीटर तक स्पेशल तरीके से बाइक राइडिंग करने, तीसरी बार पैन इंडिया ड्राइविंग की लम्बी (3278 किमी) यात्रा के लिए और चौथी बार उनका नाम लिम्का बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दुनिया की सबसे ऊंची रोड (लद्दाख में स्थित) पर ड्राइविंग करके पहुंचने से आया था।

दीपा का सफर...
- दीपा ने अभी तक 54 नेशनल गोल्ड और 13 इंटरनेशनल मेडल्स जीते हैं।
- जेवलिन थ्रो, स्विमिंग और शॉट-पुट जैसे खेलों में कमाल का परफॉर्मेंस दिया है।

लेबल: , , , , , , ,