पुंछ में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़, तीन आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। वहीं दूसरी ओर दक्षिणी कश्मीर के हंदवाड़ा में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया। पुंछ में चल रही फायरिंग में जम्मू कश्मीर पुलिस के कांस्टेबल संदीप कुमार शहीद हो गए हैं। दक्षिणी कश्मीर के हंडवाड़ा में एलओसी के पास स्थित नौगाम इलाके में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए तीनों आतंकी विदेशी बताए जा रहे हैं। उनके पास से सुरक्षाबलों को चार एके-47 समेत कई हथियार बरामद हुए हैं। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। इलाके में सुरक्षाबलों ने सर्च अभियान चलाया हुआ है। पुंछ के अल्लाह पीर इलाके में फिलहाल दोनों ओर से फायरिंग जारी है। इस एनकाउंटर में एक सब इंस्पेक्टर और एक नागरिक घायल के भी घायल होने की खबर है। मुठभेड़ के दौरान घायल हुए सब इंस्पेक्टर मंजूर अहमद और स्थानीय नागरिक को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस की मुताबिक, दो से तीन आतंकी पुंछ के मिनी सचिवालय में छिपे हुए हैं। ये सभी आतंकी लश्कर के बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, एक आतंकी पुंछ के मिनी सचिवालय और दूसरा एक स्थानीय नागरिक के घर में छिपा है। एनकाउंटर को देखते हुए सुरक्षाबलों ने आसपास के घरों को खाली करवा दिया है। हालांकि अभी तक आतंकियों की संख्या का सही पता नहीं चल सका है। सूत्रों के मुताबिक, एक साथ कई जगहों से फायरिंग हो रही है। पुलिस ने बताया कि आतंकवादियों ने पुंछ में सुबह लगभग आठ बजे सेना के 93 ब्रिगेड मुख्यालयों के पास निर्माणाधीन सचिवालय इमारत से गोलीबारी करनी शुरू कर दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘आतंकवादियो को चारों ओर से घेर लिया गया है और उनके निकल भागने के सभी मार्ग बंद कर दिए गए हैं।’’ आपको बताते चलें कि, हाल ही दिनों में पुंछ से सटी सीमा पर पाकिस्तान की ओर से लगातार फायरिंग और घुसपैठ की घटनाओं में बढ़ोत्तरी हुई थी। हाल ही में सेना ने खुलासा किया था कि सीमा पार लश्कर के लांचिग पैड पर लगभग 200 आतंकी घुसपैठ की फिराक में हैं।

लेबल: , , , , , ,