विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला का शुभारंभ। गया धाम पितृपक्ष मेला के लिए सज-धजकर तैयार है। इसके लिए प्रशासन की ओर से तीर्थयात्रियों के लिए व्यवस्था पूरी कर ली गई है। मेले का उद्घाटन गुरुवार शाम को विष्णुपद प्रांगण में हो गया।
पावन विष्णुपद सहित 54 पिंडवेदियोंं पर तर्पण और कर्मकांड शुरू हो गया। पितृपक्ष मेले के उद्घाटन पर विष्णुपद प्रांगण में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डा. मदनमोहन झा, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा और पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री अवधेश कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे।
हिंदू धर्म और संस्कृति में पूर्वजों और पितरों की आत्मा की शांति के लिए अश्विन महीने के कृष्ण पक्ष यानी पितृपक्ष में पिंडदान एक अहम कर्मकांड है। इस दौरान लोग अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति और मुक्ति के लिये पिंडदान करते हैं।
बिहार का गया पिंडदान के लिये धार्मिक और पौराणिक रूप से सर्वोत्तम स्थल माना जाता है। इसके लिये इस बार सरकार ने देश-विदेश और दूर दराज के पिंडदानियों के लिये ऑनलाइन व्यवस्था की है। सरकारी वेबसाइट पर गया के पंडों के साथ-साथ होटल और ठहरने के अलावा पिंडदान से जुड़ी सारी जानकारी उपलब्ध है। उसके लिये श्रद्धालुओं को
http://www.pinddaangaya.in/ / http://www.pinddaangayaji.com/ पर जाना होगा। इसे क्लिक करने पर सारी जानकारी मुहैया हो जायेगी।
15 सितंबर से 30 सितंबर तक लगेगा मेला
इस वर्ष गया में पितृपक्ष का मेला 15 सितंबर से तीस सितंबर के बीच चलेगा। इस दौरान मेले में देश और विदेश के अलावा दूर-दराज से लोग अपने पूर्वजों की मुक्ति और आत्मा की शांति के लिये पिंडदान करने आयेंगे। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने श्रद्धालुओं के लिये अपनी तैयारी पूरी कर ली है। वहीं पिंडदान से जुड़ी जानकारी के लिये सारी सुविधाओं की सूची डॉट कॉम पर दे दी गयी है।
वेबसाइट पर सारी जानकारी
गया पिंडदान डॉट कॉम पर श्रद्धालुओं के लिये सारी जानकारी मुहैया करायी गयी है। यहां जाकर कोई भी श्रद्धालु पिंडदान से जुड़े किसी भी पैकेज की बुकिंग करा सकते हैं। वेबसाइट पर ईमेल आईडी के अलावा बैंक खाता संख्या की भी जानकारी दी गयी है।
वेबसाइट में होटलों के अलावा आने-जाने के लिये कार, एसी कार, पूजन सामग्री और पंडों से संपर्क के अलावा पूजा के पैकेज और उनकी दक्षिणा तक की सुविधाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कई श्रद्धालुओं ने अभी से अपनी बुकिंग कर ली है।
विष्णुपद में बीएसएनएल ने शुरू की 5जी वाईफाई सेवा
विश्व प्रसिद्ध राजकीय पितृपक्ष मेला-2016 में आए हुए पिंडदानियों के साथ ही गयावासियों को अब विष्णुपद मंदिर क्षेत्र में वाईफाई सेवा का लाभ मिलना गुरूवार से शुरू हो गई। विष्णुपद मंदिर स्थित संवास सदन समिति कार्यालय के उपरी तल्ले पर गुरूवार डीएम कुमार रवि व बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक बीएन सिंह ने संयुक्त रूप से बीएसएनएल के 5 जी वाईफाई सेवा का शुभांरभ किया। डीएम ने कहा कि पितृपक्ष मेला में वाईफाई सेवा शुरू करने से तीर्थयात्रियों को बहुत ही ज्यादा सहायता मिलेगी। बहुत से पिंडदानियों के पास स्मार्ट फोन होते है। परंतु, इंटरनेट बैलेंस नहीं रहने के कारण कई महत्वपूर्ण जानकारी का लाभ नहीं उठा पाते है। इसके शुरू होने से तीर्थयात्री कई प्रकार की जानकारी हासिल करने के साथ ही अपने-अपने परिवार के सदस्यों के साथ चैटिंग भी कर सकते हैं। वाईफाई सुविधा एक सिम पर सिर्फ 15 मिनट ही मिलेगी। बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक बीएन सिंह ने कहा कि बहुत ही जल्द बोधगया स्थित भगवान बुद्ध के विशाल प्रतिमा के पास व बाराचट्टी में भी वाईफाई सेवा की जाएगी। साथ ही गया में 50 से अधिक जगहों पर बीएसएनएल वाईफाई की सुविधा दी जाएगी। मौके पर एनआईसी के तरूण कुमार सिन्हा, बीएसएनएल के कई पदाधिकारी आदि मौजूद थे।
इंटरनेट बना सुविधा का साधन
गया के पंडा समूह के सूत्रों की माने तो इंटरनेट के अलावा वेबसाइट से जानकारी लेकर कई श्रद्धालु फोन पर संपर्क में हैं। उन्होंने उन्हें फोन जानकारी हासिल की है। पूछने पर उन्होंने बताया है कि उन्हें यह जानकारी वेबसाइट से मिली है।
मिलेगी रिंग बस की सेवा
पितृपक्ष मेला में पिंडदानियों को एक पिंड वेदी से दूसरे पिंड वेदी पर जाने के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, गया ने ङ्क्षरग बस की सेवा उपलब्ध कराएंगी। करीब 100 ङ्क्षरग बस पिंडदानियों के लिए दिया गया है। ये बस विष्णुपद मंदिर स्थित श्मशान घाट अस्थाई बस स्टैंड से पिंडदानियों को बोधगया, प्रेतशिला, रामशीला आदि दर्जनों पिंड वेदियों पर आवागमन करने के लिए सुविधा मुहैया कराई गई है। ये बसें अहले सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक मिलेगी। जिला प्रशासन ने सभी प्रकार की प्राइवेट व सरकारी गाडिय़ों के लिए रेट तय कर दी है।
ऑन लाइन टैक्सी की व्यवस्था
डीएम ने बताया कि मेला क्षेत्र में वृद्ध लाचार तीर्थयात्रियों के लिए 20 ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है। इनका प्रयोग वृद्ध, असहाय लाचार तीर्थयात्रियों को विष्णुपद मंदिर सहित आवासन स्थलों गयापाल पंडों के आवास तक पहुंचाने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा मेला अवधि में ऑनलाइन टैक्सी की भी व्यवस्था की गई है। इसके लिए चार कंपनियों को जोड़ा गया है।
25 मोबाइल चार्जिंग स्टेशन
इंडिया पावर ने पिंडदानियों को मोबाइल चार्ज करने के लिए 25 जगहों पर मोबाइल चार्जिंग स्टेशन बना रही है। देवघाट से लेकर विष्णुपद मंदिर परिसर के इन जगहों पर पिंडदानी अपने-अपने मोबाइल का बैटरी चार्ज कर सकते है। साथ ही पिंडदानियों को इंडिया पावर चाय व पानी भी उपलब्ध कराएगी।
55 प्याउ चालू
पितृपक्ष मेला के दौरान नगर निगम, गया ने बंद पड़े सभी प्याउ को चालू कर दिया है। ताकि पिंडदानियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। निगमायुक्त विजय कुमार ने बताया कि 55 प्याउ चालू है।
कई तरह के स्पेशल ऑफर और पैकेज भी
गया में इस बार भी लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना है। इस बार आने वाले लोगों को ऑनलाइन सुविधा देने के अलावा सरकार के कई विभाग विशेष पैकेज भी देंगे जिसमें पर्यटन विभाग के अलावा, स्पेशल टूर पैकेज का भी ऑफर रहेगा। इसके लिये श्रद्धालु आराम से ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं।वहीं ऑन लाइन के जरिये वह पंडों के टेलीफोन नंबर लेकर उनसे सीधे संपर्क साध सकते हैं।
विभिन्न तरह के हैं पैकेजों का ऑफर
जानकारी के मुताबिक पर्यटन निगम की ओर से पटना से गया के लिये एक व्यक्ति का एक दिन का पैकेज साढ़े आठ हजार रुपया के लगभग रखा गया है। वहीं दो दिन के लिये साढ़े ग्यारह हजार रुपये खर्च करने होंगे। इसमें गया से बोधगया, राजगीर, नालंदा और फिर वापसी के रूप में गया है। गौरतलब हो कि गया में मोक्षदायिनी भूमि में 45 वेदियां विद्यमान हैं, जहां पिंडदान किया जाता है. फल्गु नदी के तट पर बसे गया में विष्णुपद मंदिर के अलावा अन्य पिंड स्थलों में रामशिला, प्रेतशिला, मंगला गौरी, सूर्यकुंड, गो प्रचारिणी प्रमुख है।
41 जोन में बांटा गया मेला क्षेत्र
डीएम ने बताया कि मेला के दौरान करीब 10 लाख तीर्थयात्रियों के गया पहुंचने की संभावना है। इन तीर्थयात्रियों को मेला अवधि के दौरान किसी प्रकार की कोई परेशानी झेलनी पड़े इसके लिए प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 41 जोन 182 सेक्टर में विभक्त किया गया है। इन सभी जोनों सेक्टरों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
एसडीआरएफ टीम की हुई तैनाती
उन्होंने बताया कि मेला अवधि के दौरान देवघाट, सीताकुंड, ब्रह्मसत सहित अन्य स्थानों पर 40 सदस्यीय एसडीआरएफ टीम की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि टीम के सदस्यों को किसी भी आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।
लेबल: 5G, Bihar, Bodh Gaya, BSNL, Gadgets, Gaya, Hindu, India, Internet, Religion, Technology, Wifi, World