जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने राज्य स्तर तक संगठन चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली है। वशिष्ठ नारायण सिंह रविवार को जदयू के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए लगातार दूसरी बार चुने गए। वशिष्ठ 30 नवंबर, 2010 से ही इस पद पर हैं। वे रविवार को निर्विरोध रूप से निर्वाचित घोषित हुए।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार और पूर्व अध्यक्ष शरद यादव की मौजूदगी में सोमवार को रविंद्र भवन में राज्य परिषद की बैठक में वशिष्ठ नारायण सिंह की औपचारिक ताजपोशी होगी। नवनिर्वाचित राज्य परिषद की सोमवार को पहली बैठक होगी। राज्य परिषद के 280 स्थायी सदस्य शामिल होंगे। राष्ट्रीय परिषद के लिए बिहार से सदस्यों के नाम की घोषणा सोमवार को की जाएगी।
प्रदेश कार्यलाय में निर्वाचन पदाधिकारी जनार्दन प्रसाद सिंह ने बशिष्ठ नारायण सिंह के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ एक ही नामांकन पत्र भरा गया था। निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रदेश कार्यालय में उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र दिया, जिसके बाद बधाइयों का तांता लग गया।
जिम्मेदारी को संकल्प के साथ पूरा करेंगे
इस मौके पर वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि वे इस जिम्मेदारी को संकल्प के साथ पूरा करेंगे। मुझे सहयोग देने के लिए पार्टी के 37 लाख सक्रिय सदस्यों और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं। उनके सहयोग से ही हम आगे भी अपनी जिम्मेदारी को निभाऊंगा। पार्टी का लगतार विस्तार करना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है। इस मौके पर उद्योग मंत्री जयकुमार सिंह, पूर्व मंत्री रंजू गीता, गुलाम रसूल बलियाबी, संजय गांधी, राजीव रंजन प्रसाद, रवींद्र सिंह आदि उपस्थित थे।लेबल: महागठबंधन, हिंदी समाचार, Bihar, JDU, Politics, President