बिहार में आज से नया शराबबंदी कानून लागू, नोटिफिकेशन जारी

बिहार में आज से नया शराबबंदी कानून लागू हो गया. सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक में हर हाल में बिहार में शराबबंदी लागू करने का फैसला लिया गया. सीएम नीतीश और सभी मंत्रियों ने इसका संकल्प लिया. आज से ही नया शराबबंदी कानून का अधिसूचना लागू कर दिया गया है. गौरतलब है कि दो दिन पहले ही हाईकोर्ट ने बिहार में पुराने शराबबंदी कानून को रद्द कर दिया था.

मंत्रियों ने लिया संकल्प...
- कैबिनेट की बैठक में सभी मंत्रियों ने संकल्प लिया कि बिहार में हर हाल में शराबबंदी लागू किया जाएगा.
- मंत्रियों ने कहा कि शराबबंदी के बाद गांवों और समाज में परिवर्तन आया.
- सरकार ने पहले से ही तय किया था कि दो अक्टूबर से नया शराबबंदी कानून लागू किया जाएगा.

बिहार मद्यनिषेध व उत्पाद विधेयक-2016
- यह बिल्कुल नया शराबबंदी कानून है. राज्यपाल की भी मिल चुकी है मंजूरी.
- इसमें ऐसे मामलों में सजा को बढ़ाकर 3 साल कर दिया गया है.
- सभी अपराध को गैरजमानती किया गया.
- किसी घर में शराब मिली तो घर के 18 से अधिक उम्र के सभी सदस्यों को सजा.
- एएसआई को पुलिसिंग का अधिकार दिया गया है.
- विशेष न्यायालय के गठन का प्रावधान किया गया है.

शराबबंदी के मामले पर अडिग रहेंगे : सीएम नीतीश 
शनिवार को पटना में अग्रसेन जयंती के मौके पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि कोई भ्रम में नहीं रहे. नया काूनन विधानमंडल से पारित है और कानून को राज्यपाल से मंजूरी मिल चुकी है.
उन्होंने कहा कि हम गांधीजी के विचारों को धरती पर उतारने चाहते हैं. इसलिए 2 अक्टूबर के दिन को चुना है. महात्मा गांधी के विचारों को जमीन पर उतारने के लिए इससे उपयुक्त दिन दूसरा कोई नहीं हो सकता है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी निर्दोष को सजा ना मिले, उसके लिए भी सब कुछ करेंगे. शराब मामले में लोगों को गलत ढंग से फंसाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी.
उन्होंने कहा कि शराबबंदी का व्यापक प्रभाव हुआ है. इसका असर देखना है तो गांवों में जाइए. यह बात अलग है कि कुछ लोगों को बिहार से शुरू हुई यह सामाजिक क्रांति नहीं दिख रही है.
सीएम ने कहा कि शराबबंदी से सरकार को पांच हजार करोड़ रुपए प्राप्त हो रहे थे लेकिन आम आदमी के तो दस हजार करोड़ रुपए बर्बाद हो रहे थे. शराबबंदी के बाद वह रुपया दूसरे सकारात्मक कार्यों में खर्च हो रहा है. इससे राज्य में व्यवसाय बढ़ेगा. सरकार को अधिक रकम टैक्स के रूप में हासिल होगी.

लेबल: , , , , ,