पेट्रोल और डीजल ने एक बार फिर उपभोक्ताओं को झटका दिया है। यह झटका दोनों के दाम में बढ़ोतरी से लगेगा। भले ही तेल कंपनियों ने दाम में थोड़ी बहुत ही बढ़ोतरी करने का दावा किया हो, लेकिन इसका असर निश्चित ही उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ने वाला है।
पेट्रोल की कीमत में 1.34 रुपये और डीजल की कीमत में 2.37 रुपये की बढ़ोतरी की गई। बढ़ी हुई कीमतें आज आधी रात से लागू होंगी। पेट्रोल के दाम में दो महीने में यह पांचवीं वृद्धि है।
इससे पहले, इस महीने की शुरूआत में ही यातायात उपभोक्ताओं की जेब ढीली हुई थी जब डीलर कमीशन बढ़ने से पेट्रोल और डीजल के दाम क्रमश: 14 पैसे प्रति लीटर और 10 पैसे लीटर बढ़ाए गए थे। इससे पहले एक अक्तूबर को पेट्रोल कीमतों में 37 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। उस दिन डीजल के दाम आठ पैसे लीटर कम किये गये थे। इंडियन आॅयल कारपोरेशन ने कीमत वृद्धि की घोषणा करते हुए कहा था कि अन्य राज्यों में भी डीजल कमीशन में बदलाव की वजह से पेट्रोल, डीजल कीमतों में संशोधन होगा। गौरतलब है कि इससे पहले पिछले माह ही पेट्रोल की कीमतों में (15 सितंबर) को प्रति लीटर 58 पैसे की बढ़ोत्तरी जबकि डीजल की कीमतों में प्रति लीटर 31 पैसे की कमी की गई। सितंबर माह में पेट्रोल की कीमतों में हुई दो बार बढ़ोत्तरी की गई थी।
इंडियन आयल कॉरपोरेशन ने एक बयान में कहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूल्य स्तर तथा रुपये-डॉलर विनिमय दर को देखते हुए पेट्रोल व डीजल के दाम में बढ़ोतरी का अनुमान लगाया जा रहा था।
बता दें कि पिछले दिनों तेल उत्पादक देशों द्वारा कच्चे तेल के उत्पादन में कटौती के कारण आए उछाल के कारण ही पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। कच्चे तेल के दाम 50 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गए हैं जो कि पिछले एक वर्ष में सबसे अधिक हैं।
ज्ञात हो कि हर दो सप्ताह में पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों की समीक्षा की जाती है। वैश्विक बाजार में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों के अनुरूप घरेलू बाजार में इसकी कीमतें तय की जाती हैं। पिछले दिनों तेल उत्पादक संगठनों ने पेट्रोलियम पदार्थो के उत्पादन में कटौती का फैसला किया है। इसके बाद से देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि की संभावना बढ़ गई है।लेबल: हिंदी समाचार, Bihar, India, Money