#2016KabaddiWorldCup: भारत ने रचा इतिहास, ईरान को दी पटखनी

गुजरात स्थित अहमदाबाद में द एरेना बाय ट्रांसस्टेरिडया में खेले गए कबड्डी विश्वकप के फाइनल में शनिवार को मेजबान भारत ने ईरान को नौ अंकों के अंतर से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। मौजूदा चैम्पियन भारत ने ईरान को 38-29 से मात देते हुए लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया।

मैच के पहले हाफ में ईरान ने पांच पॉइंट की बढ़त बना ली थी। इससे एकबारगी उलटफेर की संभावना बन गई थी। लेकिन दूसरे हाफ में भारत नई रणनीति के साथ उतरा। रेडर अजय ठाकुर की रेड ने भारत को वापसी कराई। इसके बाद तो भारतीय टीम के डिफेंडर्स ने भी रंग में आते हुए ईरान की कमर तोड़ दी। दूसरे हाफ में भारत ने कुछ मिनटों के अंतराल में ईरान को दो बार ऑल आउट किया। इस जीत के साथ ही कबड्डी में भारत की बादशाहत बरकरार रही है। उसने अभी तक हर बार एशियाई खेल में गोल्ड और वर्ल्ड कप जीता है। वहीं अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के फाइनल में भारत ने पांचवीं बार ईरान को मात दी।

इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल मुकाबले में थाईलैंड को 74-20 से हराकर अंतिम दो में स्थान पक्का किया, जबकि ईरान ने 28-24 से दक्षिण कोरिया को मात देकर फाइनल में जगह बनाई। भारत ने कोरिया के खिलाफ मैच में शुरुआत से ही बेहतरीन खेल दिखाया और लगातार पांच अंक हासिल किए। थाईलैंड की टीम को इसके बाद एक अंक मिला। लेकिन भारत ने लगातार अंक लेना जारी रखा और पहले हाफ की समाप्ति तक 36-8 की बढ़त ले ली। यह पांचवीं बार है जब कबड्डी में भारत और ईरान आमने-सामने हुए। इससे पहले साल 2010 और 2014 एशियन खेलों में, जबकि 2004 और 2007 के कबड्डी विश्व कप में भी ये दोनों टीमें एक-दूसरे से भिड़ी। हालांकि चारों ही मुकाबलों में ईरान को भारत के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी।

लेबल: , , , , , ,