बदलते और बढ़ते बिहार, यहां की संस्कृति और महान विभूतियों के बारे में बताती पेंटिंग या कलाकृतियां....

पटना। बदलते और बढ़ते बिहार, यहां की संस्कृति और महान विभूतियों के बारे में बताती पेंटिंग या कलाकृतियां, आने वाले दिनों में आप को शहर की महत्वपूर्ण जगहों पर दिखेंगी। इसे बनाया जाएगा वॉक फॉर बिहार अभियान के तहत, जिसका आयोजन महावीर तिवारी रिसर्च एंड वेलफेयर सोसाइटी और भारती प्रोजेक्ट पटना द्वारा कला संस्कृति विभाग और बिहार ललित कला अकादमी के सहयोग से किया जा रहा है।

जानिए किसने किया अभियान का उद्घाटन ...
इस अभियान का शुक्रवार को निफ्ट पटना में कला, संस्कृति और युवा विभाग के मंत्री शिवचंद्र राम ने उद्घाटन किया। इसका मुख्य उद्देश्य कला के माध्यम से सरकारी भवनों पर पेंटिंग करना है। उन्होंने कहा कि बिहार की संस्कृति, विरासत, बदलते बिहार का संदेश लोगों तक पहुंचाने के लिए दीवारों पर कलाकृतियां बनाना बेहतर माध्यम है। बिहार में कला संस्कृति के विकास के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) से इसकी शुरुआत की गई है। संस्थान की दीवार पर पेंटिंग बनायी जा रही है। अभी सर्बिया के सात-आठ कलाकार दीवार पर पेंटिंग बना रहे हैं।
पेंटिंग भी थीम के अनुसार है। निफ्ट फैशन से जुड़ा है इसलिए इसकी दीवार पर ऐसे ही थीम पर पेंटिंग बनायी जा रही है। बाद में पुर्तगाल के भी कलाकार पेंटिंग करेंगे।
मंत्री शिवचंद्र राम ने कहा कि प्रमंडल स्तर पर सरकारी भवनों की दीवार पर पेंटिंग बनायी जाएगी। कला के माध्यम से इन्हें नया रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर छात्राओं ने कार्यक्रम पेश किए।

लेबल: , , , , , ,