विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र के सोनपुर मेले का आगाज हो चुका है। शनिवार को राज्य की पर्यटन मंत्री अनीता देवी मेले ने इसका उद्घाटन किया। यह मुख्य रूप से पशु बाजार के लिए जाना जाता है। मेले में उन्नत दुधारु पशु, घोड़े आदि जानवर दूसरे राज्यों से बिकने के लिए आते हैं।
मेला में पहले हाथी की खरीद-फरोख्त भी होती थी, परंतु सरकार से रोक लगने के बाद ये सिर्फ मेले की शोभा बढ़ाने आते हैं। इस वर्ष सोनपुर मेला 12 नवंबर से लेकर 13 दिसम्बर तक चलेगा। सोनपुर मोबाइल एप भी आज लांच किया गया।
सज-धजकर तैयार पर्यटक ग्राम
देशी-विदेशी सैलानियों के लिए पर्यटक ग्राम सज-धजकर तैयार है। यहां बीस स्विस कॉटेज में 40 सैलानियों के ठहरने की व्यवस्था है। पर्यटक ग्राम में सैलानियों के खाने-पीने के लिए कैंटीन की भी व्यवस्था है। मेले में इस बार बच्चों के मनोरंजन के साधन बढ़ाए गए हैं। युवाओं के लिए नौ थिएटर लगाए जा रहे हैं।
विदेशियों के लिए स्विस कॉटेज
पिछले दो वर्षों से फूस से बनने वाले कुटिया विहार की जगह कपड़े से कॉटेज का निर्माण किया गया है। ये कॉटेज पंचसितारा सुविधाओं से लैस है। अत्याधुनिक टॉयलेट, बाथ शावर, एयर कंडिशनर, फिल्टर्ड आरओ वाटर, टेलीफोन, कंटीनेंटल डिसेज ऐसी अनगिनत सुविधाएं यहां उपलब्ध होगा। कार्तिक पूर्णिमा से अगले तीन-चार दिनों के लिए सभी कॉटेज बुक हो चुके हैं। कॉटेज बुक कराने वाले सभी 20 विदेशी मेहमान अलग-अलग देशों के हैं।
मधुबनी पेंटिंग की झलक
हरिहर क्षेत्र के मेले में क्रॉफ्ट बाजार को इस बार नया लुक देने का प्रयास किया गया है। यहां 40 स्टॉल लगाए गए हैं। इनपर विभिन्न जगहों से आने वाले कलाकार अपनी हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाएंगे। यहां मधुबनी पेंटिंग से सभी स्टॉलों को सजाया जा रहा है।
गुलजार हुआ साधु गाछी
मेले का साधु गाछी विभिन्न पंथ व संप्रदाय के साधु-संतों से गुलजार हो उठा है। साधु-संतों की छावनी व यहां होने वाले सत्संग को लेकर पंडाल का निर्माण अंतिम किया गया है।
नामचीन कलाकार जुटेंगे
मेला में इस बार लोगों के मनोरंजन के लिए एक से बढ़कर एक पार्श्व गायक एवं गायिकाओं का जमावड़ा होगा। डीएम ने बताया कि मेला उद्घाटन की शाम पार्श्व गायिका अलका याज्ञनिक अपने सुरों से लोगों का मनोरंजन करेंगी। वहीं 13 नवंबर को इलाहाबाद की गायिका दीप्ति कश्यप, 18 नवंबर को पार्श्व गायक विपनी सचदेवा एवं 20 नवंबर को पार्श्व गायिका कविता पौडवाल अपनी तान छेड़ेगी। उसी दिन इंडियन आइडल अभिजीत सावंत, का भी गायन होगा। साथ ही विभागों की तरफ से नुक्कड़ नाटक भी होगा।
कई विभागों के लग रहे है प्रदर्शनी
सोनपुर मेला क्षेत्र में कई सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां एवं स्टॉल लग रहे है। जो मेला घूमने आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा पटना-सोनपुर एवं सोनपुर-छपरा के बीच बस परिचालन की व्यवस्था की गई है। मेला में अस्थायी एटीएम के अलावा पोस्ट ऑफिस एवं बैंक शाखाएं खोली गई है।लेबल: हिंदी समाचार, Bihar, Fair, India, Sonpur, World