आरा नगर निगम क्षेत्र का कचरा अब शहर के सड़कों, चौक-चौराहों, शहर के बाहरी इलाकों की सड़कों के किनारे इधर-उधर बिखरा पड़ा नहीं मिलेगा। नगर निगम के हर वार्ड में ऑर्गेनिक वेस्ट मैनेजमेंट कन्वर्टर सेंटर बनाया जाएगा। कचरे के प्रबंधन के लिए निगम ने मास्टर प्लान तैयार किया है। प्लान के तहत नगर निगम ने कचरा प्रबंधन योजना पर काम शुरू कर दिया है।
जानिए कैसे होगा पूरा काम
केंद्र सरकार की अंडरटेकिंग केरल की कंपनी से बातचीत हुई है। इसके तहत निगम कचरा प्रबंधन के लिए शहर के आसपास करीब 10 एकड़ जमीन खरीदने की खरीदारी करेगा। यहां वेस्ट मैनेजमेंट के लिए बायोगैस प्लांट, रेंडरिंग प्लांट व वेस्ट मैनेजमेंट सेंटर बनाया जाएगा, ताकि हर तरह के कचरे का प्रबंधन किया जा सके।
कचरा प्रबंधन
- 50 लाख की लागत से वार्ड नंबर 44 में बनेगा वेस्ट मैनेजमेंट कन्वर्टर
- प्रयोग के तौर पर महापौर के वार्ड में बनेगा पहला वेस्ट मैनेजमेंट कन्वर्टर
- घरों से सीधे कन्वर्टर सेंटर में भेजा जाएगा कूड़ा
दो स्तरों पर प्रबंधन
कचरे को ऑर्गेनिक वेस्ट कन्वर्टर सेंटर तक पहुंचाने के लिए नगर निगम ने प्लान बनाया, जिसे निगम के सफाई कर्मी कन्वर्टर सेंटर तक पहुंचाएंगे। इसके बाद कंपनी ऑर्गेनिक कचरे का खाद, तैयार करेगी। खाद को बाजार में बेची जाएगी।
कचरा कलेक्शन को खरीदे जायेंगे उपकरण
निगम से वेस्ट मैनेजमेंट के लिए नगर विकास व आवास विभाग को प्रस्ताव भेजा गया था। विभाग के निर्देश पर वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी से बात हुई है। जमीन की खरीदारी के लिए बातचीत चल रही है। कचरा कलेक्शन के लिए उपकरणों की खरीदारी के लिए टेंडर होगा। डोर-टू-डोर कलेक्शन होगा।
मेयर के वार्ड से प्लान की शुरुआत
प्राथमिक स्तर के कचरे के प्रबंधन के लिए नगर निगम ने घरों में ही अलग-अलग डस्टबिन लगाने की योजना बनाई है। मास्टर प्लान के तहत नगर निगम के मेयर के वार्ड नंबर- 44 में 50 लाख की लागत से पहला ऑर्गेनिक वेस्ट कन्वर्टर सेंटर बनाया जायेगा। इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। वार्ड क्षेत्र से निकलने वाले कचरे को ट्रैक्टर व अन्य छोटी गाड़ियों के माध्यम से निगम के सफाईकर्मी इस कन्वर्टर सेंटर तक पहुंचाएंगे।
सभी वार्डों में बनेगा कन्वर्टर सेंटर
आरा नगर निगम के महापौर सुनील कुमार ने बताया कि केरल की कंपनी ‘द केरला एग्रो इंडस्ट्रीज कार्पोरेशन लिमिटेड’ के अधिकारियों से गुरुवार को वार्ता हुई। प्लान के तहत पहले मैने खुद के वार्ड से शुरुआत करने की बात कही है। प्रयोग सफल होने पर सभी वार्डों में कन्वर्टर सेंटर बनाया जाएगा।
लेबल: जरा हट के, हिंदी समाचार, Arrah, Bihar, Clean, India, Industry, Kerala, Product