''मेरा सपना डॉक्टर बनने का है। पापा जैसे-तैसे घर संभालते हैं। दादा जी के इलाज में बहुत सारे पैसे खत्म हो जाते हैं। इतने पैसे नहीं कि अच्छे स्कूल में नामांकन करवा सकूं।'' मुरौल प्रखंड के शांभा गांव का निवासी 12 वर्षीय दिव्यांशु इतना कहते-कहते थोड़ा रुक गया। फिर कहने लगा, ''डॉक्टर बनकर जरूरतमंदों का इलाज करूंगा ...सबकी तकलीफ दूर करूंगा।''
पिता अरविंद मिश्रा व मां बिन्नी देवी के इस बेटे ने जब पीएम नरेंद्र मोदी को भी अपनी पीड़ा सुनाई, तो उनकी पहल पर केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय (एमएचआरडी) ने उसके नामांकन की सिफारिश सीबीएसई बोर्ड से की। फिर, बच्चे की इच्छानुसार सीबीएसई ने मुजफ्फरपुर के डीएवी पब्लिक स्कूल (मालीघाट) में उसके नामांकन के लिए स्कूल के प्राचार्य को पत्र लिखा।
लेटर में क्या लिखा दिव्यांशु ने...
"रेस्पेक्टेड पीएम सर, मेरा नाम दिव्यांशु है। मेरे पिता का नाम अरविंद कुमार है। पिताजी पीएचडी करने के बाद भी बेरोजगार हैं। दादाजी टीटीई पद से रिटायर्ड होने के बाद से कैंसर रोग से पीड़ित हैं। मैं अच्छी एजुकेशन लेकर डॉक्टर बनना चाहता हूं। कृपया मेरा एडमिशन डीएवी स्कूल, मालीघाट, मुजफ्फरपुर में करा दें, ताकि मैं डॉक्टर बन सकूं।" बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुरौल डिविजन के सांभा गांव के रहने वाले अरविंद कुमार के बेटे 5वीं क्लास के स्टूडेंट दिव्यांशु ने अपनी कॉपी पर पेंसिल से टूटी-फूटी अंग्रेजी में सीधे पीएम मोदी को लेटर लिखा। दिव्यांशु ने लेटर में पूरी जानकारी के साथ-साथ गांव से लेकर, पोस्ट, डिविजन, जिला और राज्य की जानकारी देते हुए अपने पिता के मोबाइल नंबर का भी उल्लेख किया है। ग्रामीण क्षेत्र के एक स्टूडेंट की भावुक चिट्ठी को पीएम ने गंभीरता से लिया।
रेडियो सुनकर आया आइडिया
दिव्यांशु ने बताया कि उसके दादा कैंसर, अल्जाइमर, पाटिज्म व थायराइड जैसी कई बीमारियों से पीडि़त हैं। सुबह स्कूल जाने से पहले उन्हें दवा दे रहा था, तो रेडियो के एफएम रेनबो चैनल पर एक प्रचार सुना। उसमें कहा गया था कि अपनी परेशानी को सीधे पीएम तक पहुंचाओ और उनसे मन की बात कहो।
दिव्यांशु ने बताया ''मैंने पता नोट कर लिया। सोच लिया कि मेरे सपने को सच करने में पीएम जरूर मदद करेंगे। उनके पास बहुत सारे पैसे होते हैं। जून में चिट्ठी भेज दी।''
पीएम ने लिया ये एक्शन...
अरविंद मिश्रा खुशी जाहिर करते हुए बताते हैं कि जब बेटे ने कहा पापा मुझे पीएम को पत्र लिखना है, तो मैंने टाल दिया। पता नहीं था कि प्रचार के माध्यम से मिले पते पर एक्शन भी लिये जाते हैं।
दिव्यांशु ने पीएम को लिखा कि वह पांचवी कक्षा का छात्र है तथा डॉक्टर बनना चाहता है। उन्होंने पीएम से डीएवी स्कूल में दाखिला दिलाने का आग्रह किया। इसके बाद पीएम की पहल पर मानव संसाधन विभाग ने सीबीएसई को छात्र के नामांकन को लेकर पत्र लिखा। फिर सीबीएसई ने नामांकन को लेकर मुजफ्फरपुर के मालीघाट स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य को प्रत्र लिखा।
...अब स्कूल लेगा एडमिशन
डीएवी पब्लिक स्कूल (मालीघाट) के प्राचार्य जयश्री अशोकन के अनुसार मानव संसाधन विभाग की ओर से 13 जुलाई काे प्रेषित पत्र सीबीएसई ने उन्हें भेजा है, जिसके साथ बच्चे की टूटी-फूटी अंग्रेजी में पीएम को लिखी चिट्ठी भी संलग्न है। बोर्ड ने कहा है कि आरटीइ के नियमों व अपने बाइलॉज के अनुसार बच्चे की नामांकन की प्रक्रिया निपटाई जाए।लेबल: जरा हट के, हिंदी समाचार, Bihar, Bihari, Central Government, Children, Doctor, Education, Government, Narendra Modi, Prime Minister, School, Student