बिहार के लाल ईशान किशन ने रणजी में रचा नया इतिहास, 14 छक्के लगा बने 'सिक्सर किंग'

रणजी के लीग मैच में बिहार के लाल का बल्ला इन दिनों आग उगल रहा है। ये हैं पटना के रहने वाले भारत के अंडर 19 टीम के कप्तान और झारखंड रणजी टीम के विकेटकीपर-बैट्समैन 18 वर्षीय ईशान किशन। ईशान किशन ने वो कारनामा कर दिखाया, जो धोनी जैसे दिग्गज भी नहीं कर सके।

ईशान के बल्ले ने झारखंड की तरफ से खेलते हुए दिल्ली के खिलाफ ऐसा आग उगला की पुराने सारे रिकॉर्ड धरे के धरे रह गए।

किशन ने त्रिवेंद्रम के संत जेवियर्स कॉलेज थुंबा ग्राउंड में झारखंड-दिल्ली के बीच चल रहे रणजी मैच में शानदार 273 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने सबसे कम उम्र में 250 रन बनाने का मुंबई के वसीम जाफर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। जाफर ने सौराष्ट्र के खिलाफ 18 साल 265 दिन में 250 रनों का रिकॉर्ड बनाया था। इसे ईशान ने 18 साल 111 दिन की उम्र में ही तोड़ दिया। जिस तरह धोनी जबरदस्त सिक्स लगाते हैं, ईशान ने भी कुछ ऐसा ही नजारा पेश किया। उन्होंने 336 गेंदों का सामना करते हुए 21 चौके और 14 छक्के लगाए।

पिता बोले- ईशान को अभी और आगे जाना है 
ईशान को अभी और आगे जाना है। वह मैच्योर्ड हो रहा है। दिनोंदिन उसका खेल निखर रहा है। तमन्ना है कि वह इंडिया टीम में खेले। यह कहना है झारखंड की ओर से खेल रहे बिहार के उभरते क्रिकेटर ईशान किशन के पिता प्रवण कुमार पाण्डेय का। रणजी में दिल्ली के खिलाफ अपना पहला दोहरा शतक बनाने वाले ईशान किशन की कामयाबी पर उन्होंने कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है।

धोनी भइया जैसा बनने की कोशिश करूंगा
ईशान ने कहा, यह दोहरा शतक मुझे हमेशा याद रहेगा। यह ऐसी स्थिति में बनाया जब टीम संकट में थी। मैंने खेल पर पूरा ध्यान लगाया और नतीजा भी मिला। धोनी के सवाल पर बोले- धोनी भइया तो कभी नहीं बन सकता, पर उनके जैसा बनने की कोशिश करूंगा। मेरा काम सिर्फ स्कोर करना है। इसी तरह स्कोर करता रहा तो सीनियर टीम में जरूर आऊंगा।

लेबल: , , , , , , , ,