बिहार के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह राज्य के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने बुधवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने महागठबंधन के विरोध में बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आलाकमान के निर्देश पर ही बिहार में जदयू राजद के साथ गठबंधन किया गया। अगर आलाकमान का निर्देश हो तो आज ही बिहार में गठबंधन टूट सकता है।
चौधरी ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है उसे किसी पहचान की जरूरत नहीं है। हम जनता की मुसीबत के वक्त साथ थे और रहेंगे। पार्टी के आलाकमान की सहमति से हमने बिहार मे महागठबंधन का साथ दिया था। हमें कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन साथ रहेगा और कौन जाएगा? कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी ने बुधवार को केंद्र सरकार की ओर से नोटबंदी के खिलाफ प्रतिबंधित क्षेत्र कारगिल चौक पर कांग्रेस के विरोध मार्च के दौरान ये बातें कहीं।
बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन पार्टी के साथ है और कौन उसका विरोध कर रहा है। कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और हमारी पार्टी जनता के मुश्किलों के साथ है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से अगर जनता को परेशानी हो रही है, तो हम जनता के साथ खड़े हैं।
बुधवार को बिहार कांग्रेस के नेता प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी के नेतृत्व में 500 और 1000 रुपये के नोटों को बंद करने के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में पोस्टर-बैनर के साथ कांग्रेसी नेता केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए मार्च कर रहे हैं। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी के नेतृत्व में पटना के प्रतिबंधित क्षेत्र कारगिल चौक पर भी कांग्रेसियों की ओर से बैनर-पोस्टर के साथ मार्च निकाला गया।
नोटबंदी के एलान के 14 वें दिन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की ओर से बिहार में गंठबंधन को लेकर दिये गये बयान को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि अभी हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नोटबंदी के मामले पर केंद्र सरकार और खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में अपना बयान दिया था। हालांकि, इसके बाद जदयू के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद शरद यादव ने केंद्र सरकार की नोटबंदी के खिलाफ बयान दिया था।
यूपी चुनाव का असर भी दिख रहा है। जदयू के यूपी में गठबंधन के बाद बिहार में महागठबंधन में फूट के आसार दिखाई देने लगे हैं। यूपी में जदयू रालोद के साथ मिलकर साथ चलने की बात तय कर चुकी है लेकिन इससे बिहार में राजद और कांग्रेस खुश नहीं हैं।लेबल: महागठबंधन, हिंदी समाचार, Ashok Choudhary, Bihar, Congress, Government, Minister, Politics, State Government