देश के कई प्रमुख शहरों को जोड़ने वाले बिहार के रेलवे स्टेशन का रंग-रूप भी बदला नजर आ रहा है। हम बात कर रहे हैं पटना के दानापुर रेलवे स्टेशन की, जहां का नजारा इन दिनों कुछ अलग ही हैं। दानापुर स्टेशन नये लुक में अब लोगों के सामने है। स्टेशन परिसर में विशेष सजावट की गयी है। पूरा परिसर आर्यभट को समर्पित नजर आ रहा है। कई रंगों में रंगा और कलाओं को प्रदर्शित करता स्टेशन परिसर का भवन अपनी खूबसूरती से हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।
आर्यभट को समर्पित है नया थीम
दानापुर रेलवे स्टेशन की सजावट आर्यभट को समर्पित नजर आ रही है। इस बारे में बताते हुए दानापुर रेल मंडल के पीआरओ आरके सिंह ने बताया कि भारतीय रेलवे ने एक अच्छी पहल शुरू की है। इसके तहत हम विभिन्न स्टेशनों को वहां के स्थानीय कलाकृतियों से सजा रहे हैं। पहले की तरह अब स्टेशन की रंगाई-पुताई सिर्फ एक रंग से ना कर परिसर को एक नया लुक देने की कोशिश की जा रही है। स्टेशन को वहां के कला, कलाकारों, शोधकर्ताओं व अन्य महान विभूतियों की थीम पर सजाया गया है। इसी के तहत इस बार दानापुर रेलवे स्टेशन को देश के महान ज्योतिषविद और गणितज्ञ आर्यभट को समर्पित किया गया है। आरके सिंह ने बताया कि यह आर्यभट की भूमि रही है। चुकी दानापुर स्टेशन जहाँ है, उसे खगौल (खगोल) के रूप में जाना जाता है। जो आर्यभट्ट की कर्मभूमि मानी जाती है। यहाँ यह स्थान बड़ी खगौल में चक्रदाहा के पास है। पेंटिंग होने से स्टेशन भी साफ-सुथरा, कलात्मक और आकर्षक भी दिखेगा।
लोगों को स्टेशन परिसर पर मिलेगा बेहतर माहौल
आरके सिंह ने बताया कि यात्री सुविधाओं के लिए तो रेलवे हमेशा प्रयासरत रहता ही है, लेकिन इस तरह के प्रयास से लोगों को स्टेशन पर एक बेहतर माहौल भी मिलेगा। लोग स्टेशन पहुंचने पर वहां की स्थानीय कला से भी परिचित होंगे। साथ ही स्टेशन का ख़ास लुक लोगों को अपनी ओर खींचेगा। सिंह ने आगे कहा कि अगर स्टेशन परिसर का माहौल साफ सुथरा रहता है और साज-सज्जा रहती है तो लोग वहां गंदगी फैलाने से भी हिचकते हैं। इस नए लुक से बाहर से आने वाले लोगों को भी एक बेहतर सन्देश जाएगा।लेबल: जरा हट के, हिंदी समाचार, Art, Bihar, Clean, Danapur, Patna, Railway