दरभंगा जंक्शन के यात्रियों के लिए मंगलवार का दिन मंगलमय रहा। ट्रेन विलंब है। चार से पांच घंटे प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना है तो आप मोबाइल पर गाना, फिल्म व अन्य काम इंटरनेट के जरिए कर सकते हैं। इससे आपका समय आराम से बीत जाएगा। जी हां घोषित योजना के तहत दरभंगा जंक्शन भी अब वाई-फाई की सुविधा से लैस हो गया है। अब यहां यात्रियों को मुफ्त में इंटरनेट की सुविधा मिलेगी। इस योजना के तहत गूगल व रेलटेल आपसी तालमेल से भारत के बड़े स्टेशनों पर मुफ्त वाई-फाई की सेवा दे रहे हैं। मुफ्त में वाई-फाई प्रारंभ के आधा घंटे के लिए होगा। उसके बाद सेवा के इस्तेमाल के लिए शुल्क देना होगा।
समस्तीपुर रेल मंडल के डीएसटीई अभिषेक कुमार ने बताया कि तीन दिन पहले ही सारी तैयारी पूरी कर ली गई थी। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने भी ट्विटर पर इसकी जानकारी आम यात्रियों को दी।
ऐसे करें वाई-फाई का उपयोग
मोबाइल फोन का वाई-फाई ऑन करने के बाद 'रेल वायर' को चुनना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर पूछा जायेगा। नंबर समिट करते ही एसएमएस से चार अंकों का ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) प्राप्त होगा। इसे समिट करते ही वाई-फाई कनेक्ट हो जायेगा।लेबल: हिंदी समाचार, Bihar, Darbhanga, India, Internet, Railway, Technology, Wifi