सरकार का बड़ा फैसला, अब 24 नवंबर तक चलेंगे 500-1000 के पुराने नोट

500 और 1000 के नोट बंद होने के बाद हालात की समीक्षा करते हुए सरकार ने लोगों को एक और बड़ी रियायत दे दी है। अब 500 और 1000 के पुराने नोट पहले से तय किए गए विशेष स्थानों पर 24 नवंबर की रात 12 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।

वित्त मामलों के सचिव (ईएएस) शक्तिकांत दास ने बताया कि 500 ​​और 1000 रुपये के नोट बंद होने के बाद लोगों की परेशानी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। पहले यह सीमा 14 नवंबर रात 12 बजे तक थी, जिसे अब बढ़ाकर 24 नवंबर रात 12 बजे तक कर दिया गया है। पुराने नोट अस्पताल, रेलवे टिकट बुकिंग काउंटर, सरकारी बसों के टिकट काउंटर, हवाई यात्रा के टिकट काउंटर पर मान्य होंगे।

शक्तिकांत दास ने इस बात की भी जानकारी दी कि बैंकों में एक अलग से लाइन बनाई जाएगी उसमें सिर्फ नोट बदलने वाले लोग लग सकेंगे। इसके अलावा सीनियर सिटिजन और दिव्यांग लोगों के लिए भी अलग से लाइन होगी। शक्तिकांत दास ने वित्त मंत्रालाय के उस फैसले का भी जिक्र किया जिसमें कैश निकालने की लिमिट बढ़ा दी गई है। वित्त मंत्रालय ने रविवार को बताया, 'सभी बैंकों को सलाह दी गई है कि एटीएम से एक दिन में 2000 रुपए निकालने की सीमा को 2500 रुपए, सप्ताह में अकाउंट से 20 हजार रुपए निकालने की सीमा को 25 हजार रुपए और नोट बदलने की सीमा को 4000 रुपए से 4500 रुपए किया जाए। इसके साथ ही कहा गया है कि एक दिन में चेक से केवल 10 हजार रुपए निकालने की सीमा को खत्म किया जाए। '

गौरतलब है कि नोटबंदी के बाद लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, सरकार द्वारा कई तरह के भरोसे देने के बावजूद बैंकों और एटीएम के बाहर भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 500 और 1000 रुपए के नोट बंद करने का ऐलान आठ नवंबर को किया था।

लेबल: , , , , ,