इंदौर से पटना जा रही इंदौर-राजेन्द्र नगर एक्सप्रेस (19321) रविवार तड़के तीन बजकर दस मिनट पर कानपुर- झांसी रेल खंड के पुखरायां रेलवे स्टेशन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में ट्रेन की 14 बोगी के पटरी से उतर जाने के चलते 138 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 60 गंभीर रूप से घायल हैं और 150 लोगों को हल्की चोटें आई हैं। कानपुर के आईजी जकी अहमद ने इसकी पुष्टि की है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। इस हादसे में जी एस, जी एस, ए 1, बी 1, बी 2, बी 3, बीई, एस 1, एस 2, एस 3, एस 4, S5, S6 के कोच को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।
जानकारी केे मुताबिक यह कोच काफी पुराने होने की वजह से शवाें को निकालने में काफी परेशानी रही है हो। राहतकार्य में एनडीआरएफ की टीम भी लगी हुई है। गैस कटर के जरिए कोच को काटकर शवों को निकालने की कोशिश की जा रही है। हादसे के दौरान यात्री एक दूसरे के ऊपर आ गिर, और कोच आपस में टकराकर बुरी तरह से पिचक गए।
उत्तर रेलवे के प्रवक्ता विजय कुमार ने बताया कि डॉक्टर और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। अभी ट्रेन के पटरी से उतरने की वजहों के बारे में पता नहीं चला है। उन्होंने बताया कि कोच संख्या एस -2 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है, लिहाजा उसमें यात्रियों के अधिक हताहत होने की आशंका है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसें बुलाई गईं है।
कानपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक जकी अहमद ने कहा कि घायलों को इलाके में स्थित अस्पतालों में ले जाया गया है। सभी अस्पतालों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। 30 से ज्यादा एंबुलेंसें काम में लगा दी गई हैं। उन्होंने बताया कि 250 से ज्यादा पुलिसकर्मी राहत एवं बचाव अभियानों में मदद कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया और बताया कि उन्होंने रेलमंत्री सुरेश प्रभु से बात की है, जो कि खुद हालात पर करीबी नजर रखे हुए हैं।
वहीं रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने सुबह ट्वीट कर इस घटना पर दुख जताया और बताया कि राहत एवं बचाव का काम जारी है। सारी चिकित्सीय सहायता दी जा रही है। रेल मोबाइल मेडिकल यूनिट्स को घटनास्थल पर भेजा गया है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है।
प्रभु ने साथ ही बताया कि घटना की हालात पर करीबी नजर रखा जा रहा है। जांच के आदेश दे दिए गए हैं और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पुलिस महानिदेशक को राहत अभियान पर खुद नजर रखने को कहा है। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी मौके पर भेजा गया है।
रेलवे ने इस हादसे से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। :-
सीएम नीतीश ने जताई गहरी संवेदना
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रेल दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और बिहार सरकार के अधिकारियों को यूपी और रेलवे के अधिकारियों से संपर्क में रहने का आदेश दिया है। सीएम ने कहा है दुर्घटना में मृतक और घायल के परिजनों को बिहार सरकार हरसंभव सहायता करेगी और इस मुश्किल घड़ी में सरकार उनके साथ है।
लेबल: हिंदी समाचार, Accident, Bihar, India, Indore, Kanpur, Madhya Pradesh, Patna, Railway, UP