आधी रात के बाद से नहीं बदले जाएंगे पुराने नोट,15 दिसंबर तक इन जगहों पर चलेंगे पुराने नोट

केंद्र सरकार ने ने नए नियम जारी किए हैं जिसके मुताबिक बैंकों और डाकघरों में आज आधी रात के बाद से 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट नहीं बदले जाएंगे। हालांकि पुराने नोट वर्ष के अंत तक जमा कराए जा सकते हैं। फिलहाल प्रति सप्ताह निकासी की सीमा 24,000 रुपये को बरकरार रखा गया है। एटीएम से 2500 रुपये प्रतिदिन निकाले जा सकते हैं। सरकार ने 500 के पुराने नोट 15 दिसंबर तक लेन-देन में इस्तेमाल के लिए अवधि बढ़ा दी है। 1000 का नोट का इस्तेमाल तो कहीं नहीं किया जा सकेगा। उसे सिर्फ बैंक अकाउंट में जमा किया जा सकेगा। 500 के नोट से आप पानी-बिजली के बिल से लेकर प्री-पेड टॉप अप तक इस्तेमाल कर सकेंगे। जानिए, इन 20 जगह चलेगा आपका 500 रु. का पुराना नोट...

1. पेट्रोल/डीजल/गैस फिलिंग स्टेशन पर।
2. प्री-पेड सिम में रीचार्ज। अगर आपके पास 3 प्री-पेड सिम हैं तो हरेक में 500 तक का रीचार्ज करा सकते हैं।
3. पानी-बिजली के मौजूदा और बकाए बिल।
4. 3 से 15 दिसंबर तक हाईवे पर टोल प्लाजा में 500 का पुराना नोट चल सकेगा। 2 दिसंबर तक टोल टैक्स नहीं लगेगा।
5. घरेलू एलपीजी सिलेंडर।
6. सरकारी हॉस्पिटल्स।
7. सरकारी हॉस्पिटल्स में मौजूद दवा की दुकान।
8. रेलवे के टिकट काउंटर। मेट्रो के टिकट भी 500 रु. के पुराने नोट से खरीदे जा सकेंगे।
9. सरकारी टिकट काउंटर्स।
10. सरकारी बसें।
11. एयरपोर्ट्स पर टिकट काउंटर्स।
12. केंद्र या राज्य सरकार के सहकारी स्टोर। एक बार में 5 हजार तक की खरीदारी।
13. मिल्क बूथ।
14. शवदाह गृह/कब्रिस्तान।
15. इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स पर आने-जाने वाले पैसेंजर्स।
16. केंद्र, राज्य, म्यूनिसिपल और लोकल बॉडी स्कूलों में 2000 तक की फीस भरने में।
17. केंद्र या राज्य सरकार के कॉलेजों में फीस भरने में।
18. आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के किसी स्मारक के टिकट काउंटर पर।
19. कोर्ट फीस की पेमेंट करने के लिए।
20. सरकारी बीज की दुकान से खरीदी करने के लिए।

अब 1 दिसंबर तक नेशनल हाइवे पर टोल फ्री
नोटंबदी के बाद लोगों की परेशानी देखते हुए सरकार ने आम लोगों और व्यापारियों को बड़ी राहत दी है। अब 1 दिसंबर तक देशभर में सभी टोल नाकों पर टैक्स नहीं वसूला जाएगा, यानी टोल नाकों पर 1 दिसंबर को वाहनों की आवाजाही बिल्कुल मुफ्त होगी। इससे पहले सरकार ने 24 नवंबर तक टोल टैक्स नहीं लगने का ऐलान किया था, जो मियाद गुरुवार रात को खत्म हो रही थी। लेकिन हालात को देखते हुए सरकार ने इसे फिर से बढ़ाने का ऐलान किया है।

आज से कैश निकालने की सुविधा देगा बिग बाजार
फ्यूचर रिटेल की कंपनी बिग बाजार ने इस नई सुविधा का ऐलान मंगलवार को किया। फ्यूचर ग्रुप के संस्थापक किशोर बियानी ने ट्वीट कर भी बताया कि 'गुरुवार से कोई भी बिग बाजार में डेबिट कार्ड का प्रयोग करके 2000 रुपये निकाल सकता है। बिग बाजार ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ मिलकर यह सुविधा शुरू की है।

ई-वॉलेट से हटा स्विचिंग चार्ज
ई-वॉलेट से भी सरकार स्विचिंग चार्ज हटा चुकी है और 31 दिसंबर तक ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुकिंग पर भी सर्विस चार्ज हटाया जा चुका है।

लेबल: , , , , ,