बिहार के बिंदेश्‍वर पाठक बने भारतीय रेल के ब्रांड एंबेसडर

रेलवे परिसर को साफ रखने के प्रयासों को तेज करते हुए भारतीय रेलवे ने सुलभ इंटरनेशनल के साथ हाथ मिला लिया है। साथ ही रेल मंत्रालय ने बिहार के निवासी व सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक पद्म भूषण डॉ। बिंदेश्वर पाठक को भारतीय रेलवे के 'स्वच्छ रेल मिशन' का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। नई दिल्ली में रेल भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभाकर प्रभु ने सुलभ इंटरनेशनल (भारत-आधारित सामाजिक सेवा संगठन) के संस्थापक पद्म भूषण डॉ बिंदेश्वर पाठक का भारतीय रेलवे के 'स्वच्छ रेल मिशन' के ब्रांड एंबेसडर के रूप में स्वागत किया। रेल राज्य मंत्री श्री राजेन गोहैन इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन श्री ए के मित्तल, रोलिंग स्टॉक सदस्य श्री हेमंत कुमार और बोर्ड सदस्य तथा वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद थे।

बिंदेश्वर पाठक का सम्मान रेलवे के लिए खुशी की बात
इस अवसर पर रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभाकर प्रभु ने कहा कि डॉ। बिंदेश्वर पाठक का सम्मान करना भारतीय रेल के लिए बहुत खुशी बात है, क्योंकि स्वच्छता पहल पर रेलवे के साथ कार्य करने का निमंत्रण स्वीकार करके उन्होंने भारतीय रेलवे के स्वच्छता अभियान को मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि सफाई की स्थिति सुधारने तथा पर्यावरण के उन्नयन के क्षेत्र में सुलभ इंटरनेशनल एक जाना पहचाना नाम है। उन्होंने कहा कि अगर जनता स्वच्छता और सफाई के मामलों में जागरूक हो जाए, तो रेलवे इस क्षेत्र में कमाल कर सकता है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि सुलभ इंटरनेशनल के सहयोग से रेलवे में साफ सफाई की सुविधाओं में सुधार आएगा। रेल मंत्री ने श्री पाठक को सम्मानित किया।

साफ-सफाई में बिंदेश्वर पाठक का महत्वपूर्ण योगदान
इस अवसर पर रेल राज्य मंत्री श्री राजेन गोहैन ने कहा कि स्वच्छता और साफ-सफाई और पर्यावरण को सुधारने के क्षेत्र में डॉ। पाठक ने बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि डॉ। पाठक के 40 वर्ष लंबे प्रयासों ने देश के लोगों को स्वच्छता के मुद्दो पर जागरूक किया है। सुलभ इंटरनेशनल की स्थापना 1970 में की गई थी। उन्होंने कहा कि सुलभ इंटरनेशनल के सहयोग से रेलवे को बहुत लाभ मिलेगा, क्योंकि इस संगठन के अनेक स्वयं सेवक है। उन्होंने भारतीय रेलवे के मेगा स्वच्छ रेल मिशन का ब्रांड एम्बेसडर बनने का प्रस्ताव स्वीकार करने के लिए डॉ बिंदेश्वर पाठक को धन्यवाद दिया।

पूरी ताकत से कार्य करेगा सुलभ इंटरनेशनल
इस अवसर पर पद्म भूषण डॉ बिंदेश्वर पाठक ने कहा कि मैं सबसे पहले रेल मंत्री को स्वच्छ रेल मिशन के लिए अपना ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करने और सम्मानित करने के लिए धन्यवाद देता हूं। सुलभ इंटरनेशनल भारतीय रेल में स्वच्छता और सफाई की सुविधाओं की दिशा में योगदान करने के लिए बहुत उत्सुक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के गतिशील नेतृत्व की प्रेरणा से आज हर आदमी साफ-सफाई के बारे में बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि सुलभ इंटरनेशनल रेलवे परिसरों की साफ-सफाई की स्थिति सुधारने में पूरी ताकत से कार्य करेगा।

लेबल: , , , , , , , , ,