बिहार के रोहतास में औद्योगिक क्षेत्र के नाम से विख्यात डालमियानगर में रेल बैगन कारखाना लगेगा। जी हां रेलवे ने बंद पड़े रोहतास उद्योग समूह को रेल कारखाना लगाने को क्रय किया है और यहां बैगन कारखाना लगेगा। डालमियानगर में रेल कारखाना खोलने का निर्णय रेल मंत्रालय ने लिया है। इस आशय का पत्र वित्त राज्यमंत्री राजेन गोहाईं ने सासाराम सांसद छेदी पासवान को भेजा है। सांसद छेदी पासवान ने डालमियानगर में वैगन मरम्मत का कारखाना खोलने के लिए 24 जुलाई 2016 को वित राज्यमंत्री को पत्र भेजा था, जिसके आलोक में मंत्रालय ने यह निर्णय लिया है।
पत्र में कहा गया है कि रोहतास इंडस्ट्रीज परिसर में आवधिक मरम्मत कारखाना स्थापित करने का विनिश्चय मंत्रालय द्वारा किया गया है। वैगन के लिए आवधिक मरम्मत कारखाना स्थापित कराने का कार्य शुरू करने की आवश्यक करवाई भी की गई है। इसके लिए वर्कशॉप प्रोजेक्ट ऑर्गनाइजेशन, पटना को जिम्मेदारी दी गई है।
इस आशय की पुष्टि सांसद छेदी पासवान के पीए मोहन जाधव ने भी की है। मालूम हो कि इस कारखाना के खुल जाने से रोहतास जिले के हजारों बेरोजगार युवकों को रोजगार मिलने की उम्मीद बढ़ जाएगी। आसपास के लोगों को अपना निजी कारोबार चलाने का भी अवसर मिलेगा। कई साल से सन्नाटा में पसरा औद्योगिक क्षेत्र डालमियानगर एक बार फिर गुलजार होगा और रोजगार के लिए भटक रहे बेरोजगारों के हाथों को काम मिलेगा। कुछ इसी तरह की उम्मीद स्थानीय लोगों ने कारखाना के खोले जाने की जानकारी मिलने के बाद जताई है।
डालमियानगर में रेल कारखाना खोले जाने को लेकर काफी दिनों से रोहतास जिले में चर्चा चल रही थी। नेताओं का दौरा भी लगातार हो रहा था। घोषणाएं भी की जा रही थीं। आज यह सफलीभूत होता दिख रहा है।
तत्कालीन रेलमंत्री लालू प्रसाद ने परिसमापन में चल रहे 220 एकड़ क्षेत्र में फैले रोहतास उद्योग परिसर को रेलवे द्वारा 2007 में क्रय किया था। 2009 में लोकसभा चुनाव के पूर्व यहां तत्कालीन रेल मंत्री ने 32.5 टन क्षमता के बैगन बोगी निर्माण कारखाना की आधारशिला रखी थी। लेकिन यूपीए दो सरकार में इसकी निविदा को रद्द कर दिया गया। उसके बाद छेदी पासवान ने इसकी पहल की। उपेंद्र कुशवाहा भी सांसद बनने के बाद इसके लिए आवाज उठाई।
पिछले महीने रेल मंत्रालय की टीम भी स्थल जांच के लिए डालमिया नगर में पहुंची थी। तब से उम्मीद तेज हो गई थी कि अब रेल कारखाना खुलेगा।लेबल: हिंदी समाचार, Bihar, Central Government, Government, India, Industry, Minister, Railway, Rohtas, Suresh Prabhu