पाक को हराकर भारत चैंपियन, लगातार छठी बार महिला क्रिकेट टीम ने जीता एशिया कप

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पाकिस्‍तान को एशिया कप- 2016 के फाइनल में हराकर खिताब जीत लिया है। भारत ने पाकिस्‍तान पर 17 रनों की जीत दर्ज की।

भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने का फैसला किया था। टीम इंडिया ने भारत की तरफ से पूर्व कप्‍तान व ओपनर मिताली राज ने शानदार अर्द्धशतक जड़ा। उन्‍होंने 7 चौकों और एक छक्‍के की मदद से 65 गेंद में 73 रन बनाए। टीम ने कुल 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 121 रन बनाए। जवाब में पाकिस्‍तानी टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। टीम जरूरी रन-रेट बरकरार नहीं रख सकी, जिसकी वजह से आखिरी ओवर्स में रिक्‍वायर्ड रन-रेट बढ़ता चला गया। पाकिस्‍तानी टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 104 रन ही बना सकी। मिताली को उनकी शानदार बल्‍लेबाजी के लिए प्‍लेयर ऑफ द मैच तथा प्‍लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। भारत की तरफ से एकता बिष्‍ट ने 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट लिए। उनके अलावा पाटिल, गोस्‍वामी, पांडे, प्रीति बोस ने एक-एक विकेट हासिल किया। पाकिस्‍तान की कोई बल्‍लेबाज 25 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सकी। बिस्‍माह मारूफ ने 25 रनों की पारी खेली।

पूरे टूर्नामेंट में भारत की बल्‍लेबाजी मिताली राज के इर्द-गिर्द घूमती रही। एशिया कप में यह उनका दूसरा अर्द्धशतक है। पाकिस्‍तान की अस्‍माविया इकबाल महंगी साबित हुईं। उन्‍होंने अपने पहले ओवर में 5 वाइड गेंदे फेंकी, जिसके बाद उन्‍हें गेंदबाजी आक्रमण से हटा दिया गया। मिताली ने अपना स्‍ट्राइक रेट बरकरार रखते हुए मैदान के चारों तरफ रन बटोरे और टीम को सम्‍मानजनक स्‍काेर तक पहुंचाया। मिताली ने टूर्नामेंट में तीन पारियों में 73.50 के औसत से 147 रन बनाए।

उल्लेखनीय है कि T20 फॉर्मेट में इन दोनों टीमों के बीच यह कुल 9वीं भिड़ंत थी, जबकि एशिया कप टूर्नमेंट में यह चौथा मुकाबला था। अब भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ खेल पिछले 9 T20 मुकाबलों में से 7 में जीत दर्ज की है, जबकि दो मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। एशिया कप में भारतीय टीम ने हर बार पाकिस्तानी टीम को रौंदा है। टीम ने रविवार को भी जीत का यह रेकॉर्ड कायम रखा। पाकिस्तान को भारत के खिलाफ जो दो जीत मिली हैं, वह T20 वर्ल्ड कप टूर्नमेंट में मिली हैं। भारतीय टीम 2004 से शुरू हुआ हर एशिया कप जीती है। भारतीय टीम ने इस टूर्नमेंट में कुल 6 मैच खेले और उसने अपने सभी मैचों में जीत दर्ज की।

लेबल: , , , , , , ,